Sunday, March 4, 2007

सांसद की हत्या के विरोध में झारखंड बंद

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपने सांसद सुनील महतो की नक्सलियों द्वारा हत्या के विरोध में सोमवार को झारखंड बंद का आह्वान किया है। इस बंद का व्यापक असर देखा जा रहा है। पटना-रांची मार्ग पर मीलों लम्बा जाम लग गया है।

झामुमो के अलावा राज्य के लगभग सभी राजनीतिक दलों ने बंद को अपना समर्थन दिया है। राजधानी रांची में बंद का काफी असर है और सड़कों पर वाहन नहीं चल रहे हैं। राज्य के अन्य हिस्सों में भी बंद का व्यापक असर है।

गौरतलब है कि नक्सलियों ने झामुमो सांसद की रविवार की शाम राज्य के सिंहभूमि क्षेत्र में गोली मार कर हत्या कर दी थी। इस हमले में महतो के तीन अंगरक्षक और एक स्थानीय झामुमो नेता प्रभाकर महतो मारे गए थे।

झामुमो सूत्रों ने आज यहाँ बताया कि बंद से आवश्यक सेवाओं को मुक्त रखा गया है। सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय जनता दल, भारतीय जनता पार्टी, लोकजन शक्ति पार्टी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने बंद का समर्थन किया है।

नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) सांसद सुनील महतो की हत्या पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस बीच गृह मंत्रालय ने झारखंड सरकार से घटना पर पूरी रिपोर्ट माँगी है।

0 Comments:

Post a Comment

Subscribe to Post Comments [Atom]

<< Home